
मध्यप्रदेश – मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। पहले चरण में आरक्षक से लेकर उपनिरीक्षक तक विभिन्न पदों पर भर्ती होगी, जबकि कुल 18 हजार पद भरने का लक्ष्य रखा गया है।
मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद गृह विभाग ने गुरुवार को चार अलग-अलग आदेश जारी कर विभिन्न श्रेणियों के पदों पर सीधी भर्ती के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने तीन दिन पहले पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए थे। उन्होंने हाल ही में पुलिस विभाग में करीब 25 हजार अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति होने पर संतोष जताते हुए कहा था कि भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया लगातार जारी रखी जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पदोन्नति की प्रक्रिया भविष्य में भी निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पदोन्नति से शेष अधिकारियों, कर्मचारियों को चक्रीय क्रम में पदोन्नत करने के आदेश भी सितंबर माह में जारी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस में 18 हजार पद भरे जाने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में स्वीकृत 9662 पदों के अलावा शेष आदेश भी शीघ्र जारी किए जा रहे हैं।




