मध्यप्रदेश/ उज्जैन – दिल्ली के जंतर-मंतर आंदोलन का असर अब उज्जैन में भी दिख रहा है। यहां टावर चौक पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे पिछले चार दिनों से महापड़ाव जारी है। प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक मामले से प्रभावित और जान गंवाने वाले विद्यार्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है।
नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन का असर देश के अन्य हिस्सों में दिख रहा है। प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज और युवाओं के मुद्दों को लेकर उज्जैन में भी धरना चल रहा है। यहां टावर चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के नीचे पिछले चार दिनों से भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी और सर्व समाज का महापड़ाव जारी है। बरसाती पन्नी तानकर बैठे प्रदर्शनकारी एक ही नारा लगा रहे हैं कि नीट घोटाले का जवाब दो, धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो…।




